बहराइच। सूरज की तपिश के साथ ही आग का कहर भी जिले में जारी है। हुजूरपुर व जरवल क्षेत्र में आग लगने 15 ग्रामीणों के मकान धू-धू कर जल गए। इसमें लगभग 11 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना पाकर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेज दी है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेवढ़ा के मदरही गांव निवासी राधेश्याम के घर में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। लोगों की नींद खुली तो आग की लपटों को देखकर सभी सकते में आ गए। चीख पुकार मच गई। किसी तरह परिवारीजनों ने भागकर जान बचायी। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चल रही पुरवा हवा के कारण लपटों ने पड़ोसी दृगराज, रमेश और जगनंदन समेत पांच मकानों को आगोश में ले लिया।
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सभी घरों में रखा सारा सामान जल गया। लेखपाल शिवकुमार ने गांव पहुंचकर क्षति का मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेज दी है। उधर, हुजूरपुर थाना अंतर्गत ग्राम नरोड़ा देवियापुर गांव निवासी रामप्यारी के मकान में शुक्रवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई।
जब तक गांव के लोग एकत्रित होते, तब तक आग ने पड़ोसी लक्ष्मी, प्रदीप कुमार, किशन कुमार, पूनम, हेलन, दिनेश कुमार, रामावती समेत 10 ग्रामीणों के मकानों को चपेट में ले लिया, जिससे इन घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। उपजिलाधिकारी रामजीत मौर्य ने मौका मुआयना कर लेखपाल से क्षति की रिपोर्ट तलब की है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि लेखपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल ग्राम प्रधान व कोटेदार की मदद से सभी के भोजन व रहन-सहन की व्यवस्था करायी गयी है।