बहराइच। कांग्रेस कमेटी व फ्रंटल संगठनों की ओर से मंगलवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का बलिदान दिवस मनाया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनको याद किया।
कांग्रेस भवन के सभागार में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का 28वां बलिदान दिवस मनाया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुये पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ज्ञानू ने कहा कि देश में पंचायती राज व संचार क्रांति के प्रणेता भारत रत्न राजीव गांधी के आदर्शों पर चलकर हम महात्मा गांधी के सपनों का भारत बना सकते है। इस मौके पर कांग्रेस नेता आदर्श कुमार अग्रवाल, नगर अध्यक्ष शेख जकरिया शेखू, फिरदौस आलम बबलू, व्यापार प्रकोष्ठ के शैलेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पूर्व प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने जिला चिकित्सालय रक्तकोष में रक्तदान किया। कांग्रेस सेवादल की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का बलिदान दिवस आतंकवादी विरोधी दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान दल के जिलाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह मान ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि दी।
उधर, मटेरा स्थित कांग्रेस कमेटी श्रम प्रकोष्ठ के कार्यालय पर भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का बलिदान दिवस मनाया गया। इस मौके पर इकबाल अहमद, जिमींदार अंसारी, मुन्ना पंडित, शिवदयाल, मुन्ना खां, जाहिद खां, जमील अहमद, अंगनू आदि मौजूद रहे।