स्कूलों में रेडक्रॉस सोसाइटी को सक्रिय कर गठित करें समिति
डीएम ने दिए नगर पालिका परिषद में स्थित रेडक्रॉस सोसाइटी भवन को खाली करने के निर्देश
बहराइच। स्कूलों में रेडक्रॉस सोसाइटी को सक्रिय कर समितियों का गठन सक्रिय शिक्षकों की अगुवाई में किया जाए। यह बातें जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने कहीं। उन्होंने नगर पालिका परिषद में स्थित रेडक्रॉस सोसाइटी भवन को भी तत्काल खाली करने के निर्देश नपाप प्रशासन को दिए।
डीएम के शिविर कार्यालय पर शनिवार को रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने की। बैठक में उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस संबंधी शुल्क स्कूलों में नियमित किए जाएं। उन्होंने स्कूलों में रेडक्रॉस सोसाइटी को गठित कर उसे क्रियाशील करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक इंटर कॉलेज में सक्रिय शिक्षक की अगुवाई में समिति बनाई जाए। समिति में शामिल छात्रों को प्राथमिक उपचार व अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिलाया जाए। बैठक के दौरान सोसाइटी के जिला सचिव पुत्तीलाल बाजपेई ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी का भवन नगर पालिका परिषद में है, लेकिन उस पर नगर पालिका परिषद का कब्जा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल भवन खाली कर सोसाइटी को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्कूलों में रेडक्रॉस सोसाइटी के तहत जो शुल्क एकत्रित हो, उसका समय-समय पर ऑडिट कराया जाए। उन्होंने रेडक्रॉस में डॉक्टरों का भी सहयोग लेने की बात कही। इस मौके पर बीएसए डॉ. अमरकांत सिंह, सीएमओ डॉ. अरुणलाल के अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज के प्रबंधक आदि मौजूद रहे।