गायघाट (बहराइच)। बस चालक को झपकी आने से गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। शिमला से यात्रियों को लेकर रुपईडीहा जा रही रोडवेज बस चालक गायघाट के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक से जा भिड़ी।
बस में सवार 15 यात्री जख्मी हुए हैं। उन्हें दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। मिनी ट्रक के चालक और खलासी को भी चोट आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
शिमला से यात्रियों को लेकर रुपईडीहा के लिए रवाना हुई रुहेलखंड डिपो की बस (यूपी 25 बीटी 2827) गुरुवार सुबह सात बजे के आसपास मोतीपुर थाना क्षेत्र में गायघाट के पास पहुंची।
बस जब गायघाट बाजार से आगे बढ़ी तो पुल के पास मुरादाबाद निवासी चालक योगेंद्र मौर्या को झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे मिनी ट्रक से भिड़ गई।
संयोग से बस और मिनी ट्रक दोनों की रफ्तार कम थी, जिसके चलते बड़ा हादसा होते-होते बचा। दुर्घटना की सूचना पाकर गायघाट हलके के दो सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने जख्मी यात्रियों को लखीमपुर से आ रही बस में बैठाकर रुपईडीहा के लिए रवाना कर दिया गया।