पयागपुर (बहराइच)। झाला तरहर के मुलुकसिंहपुरवा गांव में बुखार फैल गया है। बुखार से मासूम से लेकर बड़े लोग चपेट में हैं। ग्रामीणों ने बुखार फैलने की सूचना स्वास्थ्य केंद्र पर दी। लेकिन सूचना के बाद भी स्वास्थ्य टीम गांव नहीं पहुंची है।
पयागपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत झाला तरहर के मुलुकसिंहपुरवा गांव में बुखार फैल गया है। बुखार की चपेट में गांव 15 लोग हैं। इनमें मासूम, युवक व बड़े लोग शामिल हैं। गांव निवासी तहसीलदार पांडेय ने बताया कि बुखार फैलने की सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दी गई है। लेकिन कोई भी स्वास्थ्य कर्मी गांव नहीं पहुंचा है।
जिससे बुखार एक घर से दूसरे घर में फैल रहा है। गांव निवासी पिंकी (16), नागेंद्र (18), सुमन (18), काव्या (डेढ़), आरुषी (एक), खुशबू (16), अनिल (21), प्रदीप (45), सुघरा देवी (35) समेत करीब 15 लोग एक हफ्ते से बुखार से पीड़ित हैं।
इस मामले में सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल से बात की गई तो उनका कहना है कि अभी मामला संज्ञान में नहीं आया है। स्वास्थ्य टीम गांव भेजकर बीमारों का इलाज करेगी। सभी पीड़ितों को दवाइयां वितरित की जाएगी। बीपीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि टीम गांव के लिए रवाना हो गई है। गांव में सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।