बहराइच। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शनिवार को तहसील महसी में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को सुना और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निस्तारण की प्रक्रिया ऐसी हो जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र, एसडीएम आलोक प्रसाद, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद और डीडीओ राज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में सहयोग किया।
बैठक में जनपद की विभिन्न तहसीलों से 124 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। महसी में प्राप्त 45 पत्रों में से 02, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 16 में से 01, कैसरगंज में 21 में से 04, नानपारा में 30 में से 06 और सदर तहसील में प्राप्त 12 प्रार्थना पत्रों में से 02 का त्वरित निस्तारण किया गया।
इस दौरान सीवीओ डॉ. राजेश उपाध्याय, डीएसओ नरेंद्र तिवारी, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा, डीसीओ आनंद शुक्ला और एलडीएम जितेंद्र मंसद सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, बीईओ और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
दो साल बाद भी समस्या का समाधान नहीं
शिवपुर। तहसील नानपारा में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अमित कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान बरूही निवासी अनुज कुमार सिंह ने शिकायती पत्र देकर बताया कि पिछले दो वर्षों से कुछ लोगों ने रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे आवागमन बाधित है। दो साल से शिकायत के बाद भी लेखपाल ने अब तक भूमि की पैमाइश नहीं की। वहीं, मझौवा भुलौरा निवासी अलाउद्दीन ने गांव में नाला निर्माण कराने की मांग की। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मोनालिसा जौहरी, तहसीलदार रविकांत दुबे, सीओ पहुप सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
20 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
पयागपुर। तहसील परिसर में समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम अश्वनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।