तीमारदारों को 10 रुपये में मिलेगा भोजन
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर सोमवार को प्रदेश सरकार की बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने जिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे। इसके साथ ही कहा कि, 10 रुपये में तीमारदारों को भोजन मिलेगा। सीएमएस और सीएमओ को जमीन मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने सोमवार सुबह जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने चिल्ड्रेन वार्ड, आर्थोपेडिक, महिला ऑपरेशन वार्ड व वार्ड नंबर एक, दो के अलावा आईसोलेशन व अन्य वार्डों में जाकर मरीजों को फल बांटे। इस दौरान मरीजों व तीमारदारों से बातचीत में पता चला कि मरीजों को तो जैसे-तैसे भोजन मिल जाता है। मगर तीमारदार भोजन के लिए भटकते हैं। इस पर राज्यमंत्री ने समाजसेवी कृष्णमोहन, शीतल प्रसाद अग्रवाल और गौरीशंकर भानीरामका के सहयोग से जिला अस्पताल में तीमारदारों के लिए मेस संचालन की घोषणा की। कहा कि, खर्च चाहे जितना आएगा, लेकिन तीमारदारों को 10 रुपये में भरपेट भोजन मुहैया कराया जाएगा। इस मामले में सीएमएस और सीएमओ से वार्ता करते हुए राज्यमंत्री ने उनसे भवन या जमीन मुहैया कराने को कहा। सप्ताह भर के अंदर सीएमओ ने जमीन देने की बात कही।
अस्पताल में किया पौधरोपण
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए मौके पर मौजूद लोगों को प्रति छमाही एक पौधा रोपित करने का संकल्प दिलाया।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने दी हिदायत
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने सोमवार को रानीपुर थाना क्षेत्र में रेप पीड़ित बालिका के घर जाकर उसके परिवारीजनों से मुलाकात की। पांच हजार रुपये अहेतुक सहायता के रूप में प्रदान किया। इसके अलावा शासन से साढ़े तीन लाख रुपये सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसपी से बातचीत कर उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की हिदायत दी।