बाराबंकी में हुई दुर्घटना से कैसरगंज में मचा कोहराम
शाहजहांपुर से कैसरगंज लौट रहा था परिवार
कैसरगंज (बहराइच)। शाहजहांपुर से कैसरगंज लौट रहा परिवार बाराबंकी क्षेत्र में सोमवार सुबह दुर्घटना का शिकार हो गया। बहू व सास की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
कैसरगंज के पीपर वाली गली निवासी राजेश सोनी उर्फ लल्लू का परिवार इनोवा कार से शाहजहांपुर रिश्तेदारी में गया था। वहां से परिवार के लोग कार द्वारा वापस घर लौट रहे थे। सुबह कार जब बाराबंकी जिले के चौकाघाट-रामनगर बाईपास पर पहुंची। तभी सामने से आ रही ट्रक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें कैसरगंज निवासी राजेश सोनी की 30 वर्षीय पत्नी माला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी मां 70 वर्षीय मालती देवी ने ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ा। हादसे में राजेश के पांच वर्षीय पुत्र अनिल को भी चोटे आईं। राजेश ने बताया कि वह सभी भांजी की गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होकर शाहजहांपुर से लौट रहे थे। सास-बहू की लाशें जब सोमवार को दोपहर बाद कैसरगंज पहुंची तो कोहराम मच गया। ढांढस बंधाने वाले पहुंच रहे लोगों की आंखों से आंसू निकल रहे थे। गौरतलब हो कि इस हादसे में कैसरगंज के मीरपुर निवासी कार चालक मलखान की भी हालत गंभीर है।