सीबीएसई का रिजल्ट देख उछल पड़े मेधावी
बहराइच। सीबीएसई दसवीं का परीक्षाफल शनिवार दोपहर में जैसे ही घोषित हुआ, उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े। छात्रों ने परिवारीजनों व सहपाठियों के साथ मिलकर सफलता की खुशियां मनाईं। डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल के अर्जुन व शिखर 10 सीजीपीए ग्रेड के साथ अव्वल रहे। वहीं, बुद्धा पब्लिक स्कूल की अनुष्का सिंह व संत पथिक विद्यालय के प्रशांत भी अपने स्कूलों में 10 सीजीपीए ग्रेड के साथ अव्वल रहे। इन सभी ने ग्रेडिंग में बाजी मारी है।
जिले में सीबीएसई के चार विद्यालय हैं। इनमें डिवाइन ग्रेस, संत पथिक विद्यालय, नवोदय विद्यालय व बुद्धा पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इन विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राएं इस बार दसवीं की बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। सभी उत्तीर्ण रहे हैं। इसके चलते विद्यालयों का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा है। डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल के छात्र अर्जुन माहेश्वरी व शिखर पाठक 10 सीजीपीए ए1 ग्रेड के साथ टॉपर्स रहे। वहीं, बुद्धा पब्लिक स्कूल की अनुष्का सिंह 10 सीजीपीए ग्रेड के साथ अव्वल की सूची में नंबर एक पर रहे। संत पथिक विद्यालय के प्रशांत श्रीवास्तव भी अव्वल ग्रेड के साथ विद्यालय की सूची में नंबर एक पर रहे। दोपहर में जैसे ही परीक्षाफल घोषित हुआ तो कंप्यूटर पर छात्रों की निगाहें लगी रहीं। परीक्षाफल जानते ही सभी खुशी से उछल पड़े। छात्रों ने एक दूसरे को सफलता की बधाइयां दीं। मिठाइयां बांटी। स्कूलों में जश्न का माहौल दिखा।
इंसेअ
उम्मीदों पर खरे उतरे छात्र
डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल की प्रबंधक छवि रायतानी ने बताया कि छात्र आशाओं पर खरे उतरे। नियमित काउंसलिंग और पढ़ाई से शत-प्रतिशत परीक्षाफल रहा। विद्यालय के निदेशक ब्रदर ज्वाय और मैनेजिंग कमेटी के सदस्य प्रदीप रायतानी ने भी हर्ष जताया। बुद्धा पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अनिल टेकड़ीवाल, सेक्रेटरी अनिल मातनहेलिया, ज्वाइंट सेक्रेटरी अश्विनी टेकड़ीवाल और प्रधानाचार्य डॉ. रेखा सांखला परीक्षाफल से खुश हैं। बोले कि शिक्षकों की मेहनत रंग लाई। संत पथिक विद्यालय के प्रबंधक अवधेश नरायन अग्रवाल, प्रधानाचार्या पूजा अग्रवाल व डायरेक्टर सुधा अग्रवाल ने कहा कि परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। प्रबंध कमेटी वाइस प्रिंसिपल वीआर त्रिपाठी, कमल श्रीवास्तव और संतोष सिंह समेत शिक्षकों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।