तीसरी चौथी आज, जुटने लगे जायरीन
चित्तौरा झील के तट पर पूजन-अर्चन कर मजार शरीफ पहुंच रहे अकीदतमंद
बहराइच। सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह पर जेठ मेले की तीसरी चौथी रविवार को है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चौथी में शामिल होने के लिए जायरीन का हुजूम उमड़ने लगा है। चित्तौरा झील के तट पर डुबकी लगाने के बाद पूजन-अर्चन का सिलसिला चल रहा है। यहां से गाजी की शान में कसीदे पढ़ते हुए जायरीन मजार शरीफ पर हाजिरी लगा रहे हैं। सुबह से जियारत के लिए जायरीन की भीड़ जुटेगी
सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह पर जेठ मेले की तीसरी चौथी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गाजी की दरगाह पर जियारत के लिए लोग जत्थों में दरगाह शरीफ पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी के चलते आने वाले जायरीन बेहाल भी हैं। प्रबंध समिति के अध्यक्ष शमशाद अहमद ने बताया कि नेपाल, बिहार, पूर्वांचल, दिल्ली, आजमगढ़, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बस्ती से जायरीन जत्थों में पहुंच रहे हैं। चित्तौरा झील के तट पर जायरीन डेरा डालकर परंपरा के मुताबिक डुबकी लगा रहे हैं। वहां पूजा-अर्चना करने के बाद निशान लेकर गाजी की शान में कसीदे पढ़ते हुए जायरीन मजार शरीफ पर हाजिरी लगा रहे हैं। रविवार को सुबह तीसरी चौथी के लिए जियारत का सिलसिला शुरू होगा। पूर्वी गेट से निशान के साथ जायरीन दरगाह शरीफ में पहुंचेंगे। तीसरी चौथी के लिए मेले की रौनक भी बढ़ गई है। दुकानें सजी हुई है। खरीदारी का दौर निरंतर चल रहा है।