बहराइच। जिले में बड़े पैमाने पर मिलावटी शराब का कारोबार हो रहा है। मंगलवार को फखरपुर में आबकारी विभाग की टीम ने कानपुर से लाई जा रही 20 हजार खाली शीशी, रामपुर डिस्टलरी के नाम पर निर्मित 10 हजार सरकारी होलोग्राम और चार हजार ढक्कन बरामद किए।
टीम ने एक वाहन को सीज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सरकारी होलोग्राम, शीशी और ढक्कन की खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
आशंका है जिले में फिर से नए सिरे से मिलावटी शराब के कारोबार का संचालन शुरू कर दिया गया है। जिले में मिलावटी शराब का करोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है।
मंगलवार को जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया की अगुवाई में आबकारी निरीक्षक दिनेंद्र सिंह, आशुतोष उपाध्याय, बीपी टंडन व अरविंद सिंह ने फखरपुर स्थित पारले चीनी मिल के पास चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान लखनऊ की ओर से आ रहे एक महिंद्रा वाहन ने टीम को देखकर पुन: लखनऊ की ओर भागने की कोशिश की। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकवा लिया।
जांच के दौरान वाहन पर कानपुर से शराब का अवैध कारोबार करने के लिए लाई जा रही देशी शराब की 20 हजार खाली शीशी, रामपुर डिस्टलरी के नाम पर निर्मित चार हजार ढक्कन और 10 हजार लेबल सरकारी होलोग्राम बरामद किए।
डीईओ लवानिया ने बताया कि वाहन समेत बरामद सामान को सीज करते हुए गांव खजरी थाना मड़ियांव लखनऊ निवासी श्याम सुंदर सिंह व सांडी थाना हरदोई निवासी विमलेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बरामद सामान को सीज कर दिया गया है।
अवैध कारोबार की तह में जाने के लिए जुटे अधिकारी
बड़े पैमाने पर बरामद शराब की खाली शीशियां, सरकारी होलोग्राम और ढक्कन लखनऊ और हरदोई निवासी युवकों को कैसे मिले, इनका उपयोग कहां किया जाना था। इन सवालों में आबकारी विभाग के अधिकारी उलझे हुए हैं। अब तक सुराग नहीं पा सके हैं।
अरसे से चल रहा अवैध शराब का धंधा
जिले में अरसे से मिलावटी शराब का कारोबार फल फूल रहा है। साल भर पूर्व शहर के टिकोरामोड़ स्थित एक दुकान से भारी मात्रा में मात्रा में मिलावटी शराब की शीशियां, सरकारी होलोग्राम और ढक्कन बरामद हुए थे।
हुजूरपुर के पंचायत भवन में संचालित मिलावटी शराब के कारोबार का पर्दाफाश हुुुआ था। रिसिया और विशेश्वरगंज में भी सरकारी शराब की शीशियों के नकली होलोग्राम, ढक्कन और लेबल की बरामदगी डेढ़ साल पूर्व हुई थी। लेकिन कोई भी मामले सुलझ नहीं सके हैं।
पकड़ा गया था अल्कोहल का टैंकर
जिले में पिछले वर्ष आबकारी विभाग ने अल्कोहल से भरा एक टैंकर बरामद किया था। बाद में मामला रफादफा हो गया था। पता चला था कि अल्कोहल भरा टैंकर नेपाल ले जाया जा रहा था। उसके समुचित अभिलेख भी नहीं मिले थे।