13 दिन से बिजली को तरस रही पांच हजार आबादी
ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने से असवा गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित
शिकायत के बाद भी बिजली कर्मियों ने नहीं जोड़ा फ्यूज
मटेराचौराहा (बहराइच)। क्षेत्र के असवा मोहम्मदपुर गांव में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर का फ्यूज 13 दिन पूर्व उड़ गया था। इसकी शिकायत गांव के लोगों ने जेई से की तो उन्होंने फ्यूज जल्द से जल्द जोड़वाने की बात कही। लेकिन 13 दिन बाद भी अभी तक उड़े फ्यूज को नहीं जोड़ा गया है। जिससे बत्ती गुल होने से क्षेत्र की पांच हजार आबादी भीषण गर्मी में बेहाल है। परेशान ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों की हीलाहवाली की शिकायत एक्सईएन से की है। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही फ्यूज जोड़कर विद्युत सप्लाई न शुरू की गई तो मटेरा कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मटेरा फीडर से असवा मोहम्मदपुर गांव को बिजली सप्लाई की जाती है। गांव निवासी विनय चौधरी, राजा बाबू, आदिकानंद, गूना देवी, सतीश कुमार, दयाराम आदि ने बताया कि सात जून को तेज आंधी व पानी में ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जेई चंद्रदीप गुप्ता से की। जेई ने सुबह फ्यूज जोड़वाने की बात कही, लेकिन 13 दिन बीत गए, अभी तक फ्यूज नहीं जोड़ा गया है। जिससे गांव की पांच हजार से अधिक आबादी बिजली व पानी के लिए तरस रही है। लेकिन ग्रामीणों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस भीषण गर्मी में बड़ों से लेकर बच्चे तक बेहाल हैं। परेशान ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता विद्युत आरिफ अहमद को पत्र भेजकर जेई व अन्य कर्मचारियों की हीलाहवाली की शिकायत की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही फ्यूज जोड़कर विद्युत सप्लाई न शुरू की गई तो मटेरा कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।