मिहींपुरवा के मोतीपुर वार्ड में डेंगू की जांच करती स्वास्थ्य टीम। :स्रोत विभाग
मिहींपुरवा (बहराइच)। मिहींपुरवा के तीन वार्डों में 22 दिनों से बुखार फैला हुआ था। 13 सितंबर को जांच के दौरान पांच सिपाहियों सहित 24 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। उसके बाद स्वास्थ्य प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए इस पर काबू पा लिया है। रविवार व सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1336 लोगों की जांच की गई।
सीएचसी अधीक्षक मनु शर्मा ने बताया कि दो दिन में हुईं डेंगू की जांच में कोई व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत रुपईडीहा में डेंगू पर काबू पा लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बुुखार पीड़ितों की जांच की जा रही हैं। दवाओं का वितरण भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी अस्पतालों में दवाओं व जांच किट की पर्याप्त व्यवस्था है।