बहराइच। अनाज वितरण में धांधली पर पांच कोटे की दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। डीएम के आदेश पर एसडीएम मोतीपुर और नानपारा ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोतीपुर तहसील अंतर्गत विकासखंड मिहींपुरवा के ग्राम पंचायत लौकाही के उचित दर विक्रेता हसन खान, ग्राम पंचायत पौंडा के कमालुद्दीन, गौड़रिया के हसन रजा और ग्राम पंचायत कलुआडीह के उमेश कुमार के खिलाफ ग्रामीणों ने कोटे का अनाज नहीं बांटने की शिकायत की थी।
इस पर एसडीएम मोतीपुर केपी भारती ने पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार से कोटेदारों की जांच कराई। जिसमें अनाज को बाजार में बेचने की पुष्टि हुई। इसके बाद चारों कोटे की दुकान को एसडीएम ने निलंबित कर दिया है।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव की अनुमति के बाद पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार ने मोतीपुर थाने में सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। तहसील नानपारा की ग्राम पंचायत पठार कला के कोटेदार कमलेश कुमार के खिलाफ भी जांच कराई गई।
एसडीएम सिद्धार्थ यादव ने बताया कि कोटे की दुकान को धांधली मिलने पर निलंबित कर दिया गया है। कोटेदार के खिलाफ थाना खैरीघाट में कालाबाजारी का केस दर्ज कराया गया है।