बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों के खातों में 215 करोड़ रुपये का डिजिटल अंतरण किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कान्फ्रेंसिंग हॉल में हुआ।
बहराइच में सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में 15 लाभार्थियों को 58.75 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। डीएम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 105 स्वीकृत दावों के सापेक्ष 130 लाभार्थियों के खातों में 5.02 करोड़ रुपये भेजे जा रहे हैं। इनमें कैसरगंज के 26, सदर के 23, महसी के 16, नानपारा के 36, मिहींपुरवा के 17 और पयागपुर के 12 लाभार्थी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 से अब तक जिले में 419 दावे स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत मृत्यु या 100 प्रतिशत दिव्यांगता पर पांच लाख रुपये और आंशिक दिव्यांगता पर एक से तीन लाख रुपये तक सहायता दी जाती है। भूमिहीन खेतिहर मजदूर, पट्टाधारक और बटाईदार भी इसके पात्र हैं। दुर्घटना के छह माह के भीतर तहसील कार्यालय या ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होता है।