बिछिया (बहराइच)। खेत की ओर जाते समय एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए हांका लगाया। इस पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
महिला की हालत गंभीर है। उसे सीएचसी रेफर किया गया है। कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत मंगलपुरवा चहलवा गांव निवासी कुसुमा देवी (30) पत्नी पतीराम सोमवार शाम को महिलाओं के साथ खेत में घास काटने जा रही थी।
तभी झाड़ियों से निकल तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। अन्य महिलाओं ने शोर मचाते हुए हांका लगाया। इस पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए के हमले से महिला के हाथ, सीना, जांघ और पीठ पर गंभीर जख्म हुए हैं।
महिला के परिवारीजन उसे एक प्राइवेट चिकित्सक के वहां ले गए। सुधार न होने पर उसे आंबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पीएचसी के डॉक्टर अखिलेश यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद कुसुमा को सीएचसी मिहींपुरवा रेफर कर दिया है। तेंदुए के हमले के बाद कतर्नियाघाट रेंज के वन रक्षक कौशल किशोर सिंह, वाचर विनोद सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया है। वन रक्षक ने बताया कि रिपोर्ट वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव को भेज दी गई है।