बहराइच/नानपारा। नानपारा पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोरों के गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 19 बाइकें और एक कार बरामद हुई है।
आरटीओ की फर्जी मुहरें भी मिली हैं। वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन के कागजात और परिवहन विभाग के हॉल मार्क लगे प्रपत्र भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव की अगुवाई में पुलिस टीम रविवार को गश्त कर रही थी। पुलिस ने कोतवाली नानपारा के मिरियासी टोला निवासी शफीक उर्फ स्टोप वाले और बनकटवा निवासी विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया।
उनका एक साथी बनकटवा निवासी मैनुद्दीन फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के पास से एक-एक बैग बरामद किया। उनकी निशानदेही पर 17 और बाइकें बरामद की गईं।
एक कार भी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के पास से फर्जी रजिस्ट्रेशन के कागजात बनाने के उपकरण, परिवहन विभाग की फर्जी मुहरें, फर्जी तरीके से तैयार किए गए रजिस्ट्रेशन के अभिलेख, परिवहन विभाग के हॉलमार्क लगे 23 प्रपत्र और 23 फार्म बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दोनों शातिर चोर थे। इनके खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। फरार शातिर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दबिश देना शुरू कर दिया है।
नेपाल में भी बेचते थे चोरी की बाइक
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गैंग के सदस्य लगभग चार साल से चोरी की बाइकों के खरीद-फरोख्त का काम कर रहे थे। सभी वाहन को शफीक के घर पर रखकर उसके फर्जी कागजात तैयार कर लेते थे।
चेचिस व इंजन नंबर को बदल दिया जाता था। ऐसे में खरीदने वाले को चोरी का वाहन होने की आशंका भी नहीं रहती थी। एसपी ने बताया कि दोनों स्थानीय लोगों के साथ नेपाल में भी बाइकों को बेचने का कारोबार कर रहे थे।
आसपास के जिलों में सक्रिय था गैंग
प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव ने बताया कि गैंग आसपास के जिलों मेें सक्रिय था। बरामद की गई बाइकों के वाहनों की जांच की गई तो उसमें लखीमपुर खीरी के थाना सदर, सीतापुर के लहरपुर और बहराइच के कोतवाली देहात से चोरी किए गए वाहनों के केस दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
बनकटा निवासी विनोद वर्मा एक साल पहले बाइक चोरी में जेल जा चुका है। लेकिन छूटने के बाद फिर से वह बाइकों की चोरी में संलिप्त हो गया था।