बेकाबू ट्रक पलटा, पांच घंटे आवागमन ठप
हाईवे पर लगा जाम, क्रेन मंगवाकर हटाया गया ट्रक
फोटो है।
रुपईडीहा (बहराइच)। नानपारा नेपालगंज मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक शनिवार सुबह अचानक बीच मार्ग पर पलट गया। इससे पांच घंटे आवागमन ठप रहा। एसएसबी ने क्रेन मंगवाकर दोपहर में ट्रक को हटवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान अफरातफरी की स्थिति रही।
बहराइच से एक ट्रक चावल लादकर शनिवार सुबह नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा बाजार के लिए रवाना हुआ। ट्रक जब सुबह करीब पांच बजे के आसपास नेशनल हाईवे 927 पर गंगापुर गांव के पास पहुंचा तभी चालक संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक बीच सड़क पर पलट गया। मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। नेपाल और बहराइच की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सुबह 6 बजे से 11 बजे तक पांच घंटे मार्ग पर जाम की स्थिति रही। हादसे में चालक अशोक कुमार और क्लीनर रंगीलाल घायल हुए हैं। उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक के मुताबिक ट्रक के सामने अचानक गाय आने पर उसने ब्रेक मारी, जिसके कारण हादसा हुआ। ट्रक बीच सड़क पर पलटने से अफरातफरी की स्थिति रही। दोनों ओर से वाहनों की कतारें लगी रहीं। दोपहर में ट्रक के हटने के बाद आवागमन बहाल हो सका।