आचार संहिता उल्लंघन के छह केस दर्ज, कार्रवाई नहीं
- पांच साल पूर्व दर्ज मामलों में अभी तक नहीं लग सकी फाइनल रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच। बीते निकाय चुनाव के दौरान बहराइच जनपद के दो निकायों में आचार संहिता उल्लंघन के छह मामले दर्ज किए गए थे। जिसमें कोतवाली नगर में चार, देहात में एक और रिसिया थाने में एक केस दर्ज हुआ था। मगर पांच साल बाद भी एक भी मामले में कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुलिस के आला अफसर इन मामलों के बारे में जानकारी से अनभिज्ञ हैं।
वर्ष 2012 में होने वाले निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता का जमकर उल्लंघन किया गया था। कोतवाली नगर में अलग-अलग मामलों में चार केस दर्ज हुए थे। अधिवक्ता श्रवण कुमार निगम की तहरीर पर कांग्रेस प्रत्याशी शिवशंकर उर्फ शिव तिवारी के खिलाफ 14 जुलाई 2012 को केस दर्ज किया गया था। इसी तरह नगरपालिका के सामने पोस्टर लगाने पर पूर्व चेयरमैन व बसपा समर्थित प्रत्याशी तेजे खां के खिलाफ आठ जुलाई को केस दर्ज किया गया था। निर्दलीय उम्मीदवार रामनिहाल तिवारी के खिलाफ तत्कालीन कोतवाल जेके सिंह की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था। सत्तीकुआं में बवाल पर फखरपुर ्के मूसेपट्टी निवासी दिनेश खरे की तहरीर पर खैरहानिया निवासी राजकुमार सिंह, परमजीतथ सिंह व प्रीतम सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ। वहीं कोतवाली देहात में प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी की तहरीर पर रिंकू तिवारी निवासी रायपुर राजा के खिलाफ और रिसिया में तहसीलदार न्यायिक अरविंद कुमार की तहरीर पर नानकपुरा निवासी अनुज कुमार और रामगोपाल की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था। इन छह मामलों में अभी तक पुलिस ने कहां तक कार्रवाई की। इस बारे में चुनाव कार्यालय को कोई सूचना नहीं उपलब्ध कराई गई है।
वर्ष 2012 में हुए निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के छह मामले दर्ज हुए थे। इनमें पुलिस ने क्या जांच की। इसकी रिपोर्ट नहीं मिली है। केस दर्ज होने की सूचना ही मुझे उपलब्ध कराई गई है। बाकी हो सकता है कोर्ट में पुलिस ने अपनी रिपोर्ट दाखिल की हो।
- अशोक कुमार कनौजिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी, बहराइच
आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पिछले चुनाव में दर्ज हुए मामलों की जानकारी अभी मेरे पास नहीं है। थानों से सूचना ली जाएगी। पता किया जाएगा कि पुलिस ने दर्ज किए गए केस में क्या कार्रवाई अभी तक की है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
- अजय प्रताप, एसपी सिटी, बहराइच