बहराइच। चैनपुरवा रायपुर गांव निवासी एक युवक का रात में कुछ लोगों से गांव में विवाद हो गया। इस दौरान साथी युवकों ने पहले युवक की पिटाई की। फिर हंसिया से उसका नाजुक अंग काट लिया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत चैनपुरवा रायपुर निवासी नंदकिशोर (30) प्रतिदिन की तरह रात में आठ बजे के आसपास गांव में मित्रों के साथ टहल रहा था। इसी दौरान आपसी मामले को लेकर कहासुनी के दौरान विवाद शुरू हो गया। नंदकिशोर के भाई सुरेश ने बताया कि विवाद के दौरान गांव निवासी नंदकिशोर के चार मित्रों ने पहले उसकी लात-घूसों से पिटाई की। फिर हंसिया से नाजुक अंग काट दिया। जब नंदकिशोर तड़पने लगा तो सभी भाग खड़े हुए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने नंदकिशोर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष देवानंद रजक ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।