डी के नागेश्वरपुरवा में लगी आग से जला सामान।
- फोटो : BAHRAICH
बौंडी (बहराइच)। भौंरी ग्राम पंचायत के नागेश्वरपुरवा गांव में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे ग्रामीणों के 12 मकान जलकर राख हो गए। एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में छह लाख की नकदी, डेढ़ किलो जेवरात समेत 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेज दी है। पीड़ित खुले आसमान तले रहने को विवश हैं।
महसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भौंरी के नागेश्वरपुरवा गांव में दोपहर में लोग अपना कामकाज निपटा रहे थे। करीब एक बजे गांव निवासी स्वामी दयाल के मकान में आग लग गई। लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन हवा चलने के कारण आग ने पड़ोसी रामविजय, संतराम, त्रिलोकी, उमेश, सम्मारी यादव, राममूर्ति, सुमेरी, शीला देवी, गोकुल यादव, मयंकर और दिनेश कुमार के मकानों को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते 12 ग्रामीणों के मकान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ग्रामीणों के घर में रखी नकदी, अनाज, जेवरात, कपड़े, बर्तन सब कुछ जल गया। तीन ग्रामीणों के छह लाख रुपये व डेढ़ किलो जेवरात भी जल गए। लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अग्निकांड की सूचना तहसील मुख्यालय पर दी गई। एसडीएम एसएन त्रिपाठी ने लेखपाल चंद्रकेश मौर्या को मौके पर भेजा। लेखपाल ने क्षति रिपोर्ट तहसील मुख्यालय भेज दी है।
जमीन खरीदने के लिए रखी थी नकदी
नागेश्वरपुरवा गांव निवासी स्वामीदयाल के चार लाख रुपये आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा गांव निवासी संतराम, रामविजय और सम्मारी की दो लाख रुपये नकदी जल गई। ग्रामीणों ने बिलखते हुए बताया कि जमीन खरीदने के लिए नकदी रखी थी, लेकिन आग ने जलाकर राख कर दी।