गैरहाजिर चार कर्मियों का रुकेगा वेतन
सीएचसी अधीक्षक ने जरवलरोड पीएचसी का किया निरीक्षण
कार्रवाई के लिए सीएमओ को भेजी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
घाघराघाट (बहराइच)। जरवलरोड पीएचसी पर कई दिन से स्वास्थ्य कर्मी नहीं पहुंच रहे थे। इस पर सोमवार को मुस्तफाबाद सीएचसी के अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन नर्स समेत चार स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। इस पर सभी के दो दिन का वेतन रोकने की संस्तुति सीएमओ से की गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
जरवल विकासखंड अंतर्गत जरवलरोड पीएचसी में कई दिनों से स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंच रहे थे। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने मुस्तफाबाद पीएचसी के अधीक्षक से की थी। सोमवार सुबह नौ बजे अधीक्षक डॉ. बीके ठाकुर ने जरवलरोड पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। स्टाफ नर्स नीलमा पाठक, मंजू देवी, माला चौधरी और कनिष्ठ लिपिक सरोज उपाध्याय अनुपस्थित मिले। इस पर अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए दो दिन का वेतन रोकने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है। अधीक्षक के निरीक्षण से अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही। अधीक्षक डॉ. बीके ठाकुर ने कहा कि निरीक्षण में चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई है। वेतन रोकने की संस्तुति की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश पर अनुपस्थित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई होगी।