रिसिया (बहराइच)। रिसिया नगर क्षेत्र को 3.20 करोड़ से संवारा जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। नगर के मार्गों के साथ नाले और नालियों का उच्चीकरण होगा। बदहाल मार्गों पर इंटरलाकिंग लगाई जाएगी। नगर की प्रकाश व्यवस्था भी ठीक की जाएगी।
इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गयी है। शासन में कार्ययोजना केे हरी झंडी मिल गयी है। बजट आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। बजट आवंटित होते ही मार्च माह से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नपाप प्रशासन की कोशिश है कि बरसात के पहले नगर के मार्गों के साथ ही नाले व नालियों को दुरुस्त करवाकर व्यवस्थाएं मुकम्मल करवा दी जाए।
रिसिया नगर क्षेत्र के वार्डों व मार्गों का बुरा हाल है। न तो सड़कें दुरुस्त हैं न ही नाले और नालियां। प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है। नगर के 90 फीसदी मार्ग गड्ढों में है। जिसके चलते लोगों को जलभराव का सामना करना ही पड़ता है।
ऊबड़-खाबड़ मार्ग होने से आवागमन में भी दिक्कत होती है। नालियों के दुरुस्त न होने से आए दिन जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने नगर क्षेत्र के सभी 13 वार्डों के विकास की कार्य योजना तैयार की है।
चेयरमैन महमूद अहमद ने अमर उजाला से बताया कि योजना के तहत नाले और नालियों का उच्चीकरण होगा। इसके अलावा सभी वार्डों में इंटरलाकिंग दुरुस्त करवायी जाएगी। मुख्य मार्गों को गड्ढामुक्त करवाकर डामरीकृत कराया जाएगा। जिससे कि बरसात के दिन में नगर क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि मार्ग और नाले नालियों के साथ ही प्रकाश की और बेहतर व्यवस्था के लिए हाईमास्क लाईट लगाई जायेगी। इन कार्यो पर 3 करोड़ 20 लाख बजट खर्च होगा। नगर पंचायत प्रशासन के मुताबिक प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। हरी झंडी भी मिल चुकी है।
बजट आवंटित होते ही नगर के देवीपुरा, आजाद नगर, रिषी भूमि, शास्त्री नगर, मोहम्मद नगर, रविदास नगर, सरस्वती नगर समेत सभी वार्डों में निर्माण कार्य कराया जाएगा। कोशिश है कि मार्च माह में निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाए। जिससे कि बरसात शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएं।