तकियाघाट पर बिजली, पानी की हो व्यवस्था
कांवरिया संघ ने समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
नानपारा (बहराइच)। श्री नवयुवक कांवरिया संघ ने सावन माह से होने वाली समस्याओं को लेकर ज्ञापन उप जिलाधिकारी एसपी शुक्ला को दिया गया। संघ ने सावन के समय तकियाघाट पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्री नवयुवक कांवरिया संघ के जिलाध्यक्ष जगतराम पटेल ने कहा है कि रविवार से शुरू होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम में तकियाघाट मंदिर पर छावनी बनवाए जाने, मार्गों की सफाई कराने व शहर में जलाभिषेक के समय भारी वाहनों का प्रवेश नगर में रोकने की मांग की। तकियाघाट पर रैन बसेरा, शौचालय, पेयजल व प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष तकियाघाट पर अव्यवस्थाएं रहती है। कई वर्षों से वहां पर छावनी बनाए जाने की मांग कांवरिया संघ करता रहा है। लेकिन इस ओर अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। समय रहते मांगों का निस्तारण न किया गया तो कांवरिया संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर बबलू सिंह, बुधसागर वर्मा, सतपाल प्रजापति, अयोध्या कुमार, राजितराम, कुलेराज आदि मौजूद रहे।
यात्रा के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर लगे रोक
कांवरिया संघ का एक प्रतिनिधि मंडल अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह से मुलाकात कर जलाभिषेक के समय सुरक्षा व्यवस्था व यात्रा के दौरान नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही। वार्ता में क्षेत्राधिकारी एसके यादव व प्रभारी निरीक्षक आलोक राव मौजूद रहे। एएसपी नगर के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने अव्यवस्था को शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया है।