छह दिन से बिजली को तरस रही छह हजार आबादी
शिकायत के बाद भी पावर कॉर्पोरेशन ने नहीं दुरुस्त कराया टूटा पोल व तार
विद्युत आपूर्ति ठप होने से उर्रा गांव के लोग परेशान, आंदोलन की चेतावनी
उर्रा (बहराइच)। सेमरहना गांव के पास एचटी लाइन का तार छह दिन पूर्व आई तेज आंधी व पानी में टूट गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत संबंधित उपकेंद्र के जेई से की थी, लेकिन इसके बावजूद पावर कॉर्पोरेशन की ओर से अभी तक लाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया। पावर कॉर्पोरेशन की उदासीनता के चलते भीषण गर्मी में उर्रा गांव की आठ हजार आबादी बिजली व पानी के लिए तरस रही है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोगोें में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विकास खंड मिहींपुरवा स्थित परवानी गौढ़ी विद्युत उपकेंद्र से उर्रा गांवों की बिजली आपूर्ति होती है। छह दिन पूर्व आई तेज आंधी-पानी के दौरान सेमरहना गांव के पास दो स्थानों पर विद्युत पोल व तार टूटकर गिर गए थे। तार टूटने की सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन द्वारा शट डाउन लेकर क्षेत्र की आपूर्ति ठप कर दी गई थी। हालांकि आंधी-पानी में कोई हताहत नहीं हुआ था। रविवार को गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हुए छह दिन हो गए हैं, लेकिन पावर कॉर्पोरेशन की ओर से अभी तक लाइन को दुरुस्त नहीं कराया जा सका है। जिससे गांव की करीब छह हजार आबादी इस भीषण गर्मी में बिजली व पानी के बिना अपना जीवन व्यतीत करने को विवश है। गांव निवासी रामबली गुप्ता, संदीप मौर्या, शैलेंद्र श्रीवास्तव, अनिल गुप्ता, डॉ. एबी शर्मा, संजय जायसवाल, संतोष कुशवाहा आदि ने बताया कि जेई को विद्युत पोल व तार टूटे होने की जानकारी दी गई थी। लेकिन पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों व अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते अभी तक लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि उपकेंद्र के अवर अभियंता से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हो रहा है। परेशान ग्रामीणों ने एक्सईएन आरिफ अहमद को पत्र भेजकर शीघ्र ही सप्लाई शुरू किए जाने की मांग की है। सप्लाई शुरू न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।