बहराइच। कोरोना रोगियों की बढ़ती संख्या से हॉटस्पॉट क्षेत्र भी बढ़ रहे हैं। जिले में 11 नए हॉटस्पाट बनाए गए हैं। इनमें शहर के तीन मोहल्ले शामिल हैं। सभी मोहल्लों में कर्मचारियों को नामित कर घर-घर खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर के मोहल्ला बशीरगंज, बरहियापुरवा और हाइड्रिल कॉलोनी में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले थे। इस पर तीनों मोहल्लों को बैरीकेटिंग लगाकर हॉटस्पॉट बना दिया गया है। इसके अलावा चित्तौरा विकास खंड में स्थित रामेश्वरलाल फूड्स, रिसिया के मोहम्मद नगर, मिहींपुरवा कस्बे के बिलास गली, विशेश्वरगंज विकास खंड के ग्राम भिट्ठी गांव तथा साधूपुरवा, कैसरगंज विकास खंड के उमरी व पबना रोड को हॉटस्पॉट बनाया गया है।
इसके अलावा जरवल के मोहल्ला सराय निवासी के संक्रमित मिलने पर मोहल्ले को हॉटस्पॉट बनाया गया है। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने बताया कि शहर में नगर मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर की देखरेख में हॉटस्पॉट बनाया गया है। कैसरगंज में एसडीएम महेश कुमार कैथल, विशेश्वरगंज में एसडीएम कीर्तिप्रकाश भारती, मिहींपुरवा में बाबूराम को हॉटस्पॉट क्षेत्र में बेहतर व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मोहल्ले में खाद्यान्न पहुंचाने के लिए कर्मचारी नामित कर दिए गए हैं।