ानपारा (बहराइच)। कोड़री बितनिया गांव के लोगों ने सोमवार को जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मतदान का बहिष्कार किया। गांव के बाहर बाग में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों को समझाने पहुंचे विधायक प्रतिनिधि दिलीप वर्मा को लोगों ने वापस लौटा दिया। दोपहर बाद एसडीएम ने पहुंचकर समझाया तो ग्रामीण मतदान को राजी हुए। बाद में गांव के मतदान केंद्र पर वोटिंग शुरू हो सकी।
विकास खंड शिवपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़री के बितनिया गांव के लोग सोमवार सुबह गांव की उपेक्षा पर भड़क उठे। गांव निवासी रमेश कुमार, दाताराम और जगदीश ने कहा कि प्रतिवर्ष जनप्रतिनिधि गांव के विकास की बात कहते हैं। लेकिन आज तक गांव में सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था नहीं है।
बरसात में घाघरा और सरयू की कटान का सामना करना पड़ता है। इसी के चलते गांव के लोगों ने मतदान न करने का निर्णय लिया है। चुनाव बहिष्कार की सूचना पाकर विधायक प्रतिनिधि दिलीप वर्मा गांव पहुंचे, लेकिन वहां पर उन्हें ग्रामीणों के सवालों का सामना करना पड़ा।
इस पर विधायक प्रतिनिधि उल्टे पांव लौट आए। दोपहर सवा 12 बजे उपजिलाधिकारी डॉ. संतोष उपाध्याय, सीओ अरुणचंद्र दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद गांव के लोग मतदान के लिए तैयार हुए। इस पर 12.33 बजे प्राथमिक विद्यालय कोड़री बितनिया में पहला वोट पड़ सका।