पति ने हत्या में फंसने के डर से लगाई फांसी
पत्नी की मौत के बाद से था फरार
राजीचौराहा के ग्राम कौड़हा का मामला
राजीचौराहा (बहराइच)। ग्राम कौड़हा निवासी एक युवक की पत्नी की दो दिन पहले मौत हो गई थी। मायके के लोग हत्या का आरोप लगा रहे थे। इस पर युवक घटना के बाद फरार हो गया था। बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बौंडी थाना अंतर्गत कौड़हा गांव निवासी मौजीलाल (45) पुत्र रामफल की पत्नी धुरपता की सोमवार को रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी। उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला था। मायके के लोग पति द्वारा धुरपता की हत्या की बात कह रहे थे। जिस पर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हो रहा था। घटना के बाद से मौजीलाल पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था। बुधवार सुबह उसका शव गांव से 100 मीटर की दूरी पर स्थित कौड़हा बाग में आम के पेड़ में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। सूचना गांव में पहुंची तो काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। थानाध्यक्ष अटलबिहारी ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव के लोगों का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद से पुलिस निरंतर मौजीलाल के घर पर दबिश दे रही थी। तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पुलिस मौजीलाल पर सरेंडर करने का दबाव बना रही थी। पुलिस से बचने के लिए वह फरार था। पत्नी की हत्या में फंसने के डर से मौजीलाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
थानाध्यक्ष का कहना है कि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया। पत्नी के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।