खैरीघाट के अलीनगर में लगी आग से जला सामान।
बहराइच/खैरीघाट/शिवपुर। जिले के खैरीघाट व मटेरा क्षेत्र में आग से लगभग 100 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं गृहस्थी के सामान सहित एक फूस का घर भी जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची राजस्व टीम ने क्षति का आकलन किया।
शिवपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत खैराधौकल में शनिवार दोपहर गेहूं के खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। खेत से उठती आग की लपटें देख किसान दौड़ते हुए पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक आग बुझाई जाती तब तक गांव निवासी जगदीश कश्यप, नारायण कश्यप, विक्रम वर्मा, इंद्रजीत वर्मा, बृजेश वर्मा, संगम लाल वर्मा, पीर अली आदि की लगभग 90 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
भीषण आग की सूचना पर तहसीलदार महसी विकास कुमार, नायब तहसीलदार हर्षित कुमार, राजस्व निरीक्षक विवेक कुमार वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि अनुज कुमार वर्मा, लेखपाल दुर्गेश कुमार निगम आदि टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। साथ ही किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। मटेरा क्षेत्र के भुलईपुरवा में भी भीषण आग लगी। लपटों से श्रावस्ती जिले के करनपुर निवासी मतोले की तीन बीघा व ननकऊ की छह बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई।
शिवपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत अलीनगर के मजरा पाठकपुरवा निवासी घसीटे के फूस के घर मेंं शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। घर से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणोंं की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। जब तक आग बुझाई जाती गृहस्थी के सामान सहित पूरा घर जलकर राख हो गया। पीड़ित ने हजारों के नुकसान की बात कही है। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल शकील अहमद ने क्षति का आकलन किया।