मोगलहा खास के निकट कटी सरयू नहर खंड प्रथम से जुड़ी गजपतिपुर माइनर। -संवाद
बौंडी। तेजवापुर ब्लॉक में इमामगंज शाखा से जुड़ी सरयू नहर खंड प्रथम की गजपतिपुर माइनर बुधवार देर रात मोगलहा खास गांव के पास अचानक कट गई। माइनर कटते ही पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं।
बृहस्पतिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो चारों तरफ पानी भरा मिला। मोगलहा गांव के प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद अयूब खान ने बताया कि रात में माइनर कटने की जानकारी नहीं हो सकी। नहर विभाग को अवगत करा दिया गया है।
माइनर कटने से गेहूं, मसूर, मटर, तिलहन सहित अन्य फसलें डूब गई हैं। कनौजी लाल, योगेंद्र कुमार मौर्य, जाहिद खान, मुमताज खान, अब्दुल रहमान, हकीमुद्दीन, हरीराम समेत सैकड़ों किसानों की 200 बीघा से अधिक फसल प्रभावित हुई है। किसानों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
नहर विभाग की अवर अभियंता गायत्री यादव ने बताया कि मौके पर पहुंचकर माइनर की मरम्मत कराई गई। कड़ी मशक्कत के बाद पानी को नियंत्रित कर लिया गया है।