- परिजनों ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर। भगौट ईंट भट्ठे पर एक युवक को गोली मारकर शव सरकारी ट्यूबवेल के निकट डाल दिया। शव की सूचना पर क्षेत्र की जनता में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की तो शव फारूख का निकला। परिजनों ने थाने पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
शामली के कांधला नई बस्ती निवासी 19 वर्षीय फारूख पुत्र कामिल अपने परिजनों के साथ सिरोली गाजियाबाद में भट्टे पर मजदूरी करता था। फारूख के भाई इश्तकार ने बताया कि भाई फारूख अपने साथी आसिफ के साथ शुक्रवार शाम भट्ठे से पैदल घूमने गया था, जब वह शाम तक वापिस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल की। लेकिन उसका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। भगौट के ग्रामीणों ने चांदीनगर पुलिस को सूचना दी कि भट्ठे पर सरकारी ट्यूबवेल के समीप किसी युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास मिले फोन से परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाना चांदीनगर पहुंच हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस छानबीन में जुट गयी है।