बिलोचपुरा गांव से वायरल विड़ियो में गेट के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन की चपेट में आया युवक
- फोटो : BAGHPAT
करंट लगने से 30 फुट ऊंचे गेट से गिरा युवक
बागपत, अमीनगर सराय। बिलौचपुरा गांव में मुख्य गेट पर तिरंगा झंडा फहराने के बाद नीचे उतर रहे युवक को करंट लग गया। जिससे युवक 30 फुट ऊंचे गेट से नीचे गिर गया। युवक का मेरठ के अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलौचपुरा गांव में युवा तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा में युवा डीजे पर बज रहे देशभक्ति गानों पर डांस कर रहे थे। जब तिरंगा यात्रा मुख्य गेट पर पहुंची तो बिलौचपुरा गांव का यूसुफ मुख्य गेट पर तिरंगा लगाने के लिए चढ़ गया। यूसुफ काफी देर तक गेट के ऊपर खड़ा रहा और झंडा लगाने के बाद उतरने लगा। तभी गेट के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया और वह नीचे गिर गया। 30 फुट ऊंचे गेट से गिरने से यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिवार वाले मेरठ लेकर चले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहां तिरंगा लगा रहे युवक का साथी वीडियो बना रहे थे तो करंट लगने से गिरने की घटना भी उसमें कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।