बागपत। राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों में जीवन कौशल विकसित करने और तनाव मुक्त करने के लिए यूथ एवं ईको क्लब का गठन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन कराकर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों में क्लब के गठन के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को जीवन कौशल, आत्म सम्मान व विश्वास, और तनाव, भय और नकारात्मक भावनाओं से लड़ने में सक्षम बनाया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में खेल, संगीत, पेंटिंग, लेखन, पठन-पाठन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए साक्षरता रैलियां निकाली जाएंगी। छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम/राष्ट्रीय आंदोलन से संबधित स्थलों और स्मारकों के अतिरिक्त स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मस्थली का शैक्षिक भ्रमण कराकर जागरूक किया जाएगा।