छपरौली क्षेत्र के शबगा औढ़ापुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को बोरी में बंधा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इब्राहिमपुर गांव के युवक अनुज उर्फ अर्जुन के रूप में हुई है। चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक अर्जुन नशे के कारोबार में जेल गया था और वर्तमान पर जमानत पर बाहर था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने छपरौली थाना पुलिस को सूचना दी कि शबगा औढ़ापुर मार्ग पर बोरी में बंधा एक शव पड़ा है। बोरी से काफी दुर्गंध उठ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरी को कब्जे में ले लिया। एसओ के मुताबिक बोरी को खुलवाया गया तो करीब 28 वर्ष के एक युवक का शव मिला। उसके हाथ पर अर्जुन लिखा हुआ था।
शिनाख्त कराई तो पहचान इब्राहिमपुर माजरा गांव के युवक अनुज उर्फ अर्जुन के रूप में हुई। उसके शव पर चाकू के वार के पांच निशान थे। जांच पड़ताल कराई गई तो पता चला कि अर्जुन का परिवार वर्तमान में मुरादनगर में रह रहा है, जबकि वह छपरौली में अपनी ननिहाल में रह रहा था।
सीओ रमाला के मुताबिक अर्जुन करीब दो माह पूर्व कचहरी के हवालात में एक बंदी को नशे की गोली देते हुए गिरफ्तार किया गया था। कुछ दिन पूर्व वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और नशे के कारोबार को माना जा रहा है। फिलहाल उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा गया है।