बागपत स्थित यमुना का बड़ा जलस्तर।
- फोटो : BAGHPAT
बागपत, पिछले दिनों लगातार बारिश होने के कारण यमुना नदी का स्तर बढ़ गया है। पहाड़ों पर बारिश होने के बाद यमुना नदी में हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिसमें पिछले 24 घंटों में हथिनीकुंड बैराज से यमुना में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। जिस कारण यमुना नदी का पानी दोबारा से किनारों की तरफ पहुंचने लगा। वहीं पिछले कई दिन से 206.5 मीटर पर बह रही यमुना का जलस्तर अचानक ऊपर उठने से 208.1 मीटर पर पहुंच गया। जबकि खतरे का निशान 209 मीटर है।
इस तरह यमुना का जलस्तर ऊपर आते ही बाढ़ राहत एवं नियंत्रण विभाग की टीमों ने बाढ़ चौकियों से नजर रखना शुरू कर दिया है। उधर बाढ़ राहत के नोडल अधिकारी उत्कृष्ट भारद्वाज का कहना है कि बारिश बंद होते ही यमुना का जलस्तर फिर सामान्य हो जाएगा। इसलिए अभी खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar में बड़ा हादसा: रोडवेज से टकराई वैगनआर, यूपी पुलिस के सिपाही समेत चार की मौत
दोबारा खेती की तैयारी कर रहे किसान फिर हुए मायूस
पहाड़ों पर बारिश के बाद यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई थी। जिससे यमुना खादर में उगाई गई फसल जलमग्न होने के कारण खराब हो गई थी। जिसका जलस्तर घटने के बाद किसान अपने खेतों की सफाई कर दोबारा खेती की तैयारी में जुट गए थे, लेकिन जलस्तर दोबारा बढ़ने से किसान मायूस हो गए। बागपत निवासी किसान नरेश, सुनील, वीरेंद्र, इशाक आदि का कहना है कि जलस्तर बढ़ने से परेशानी बढ़ गई है।