बागपत। दो दिन हुई लगातार बारिश के बाद यमुना नदी उफान मारती नजर आ रही है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सोमवार को यमुना एक साथ 2.97 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जाने से बाढ़ चौकियां अलर्ट हो गई हैं और यमुना के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
दो दिन लगातार बारिश होने के बाद हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में कई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। जिसके चलते यमुना का जलस्तर भी उफान मार रहा है और खतरे के निशान पर पहुंच गया है। सोमवार को यमुना नदी 209 मीटर से ऊपर बहती रही।
उधर यमुना में पिछले 24 घंटे में 41 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। जिसके चलते यमुना किनारों पर कटान भी होना शुरू हो गया है। उधर बाढ़ राहत एवं नियंत्रण विभाग की टीमें लगातार यमुना किनारे बसे गांवों में जाकर लोगों को दूर रहने की सलाह दे रही है।
----
बारिश के बाद छाया कोहरा
लगातार पांच दिन बारिश होने के बाद सोमवार सुबह कोहरा देखने को मिला। सड़कों पर घना कोहरा छाने के कारण वाहन लाइट जलाकर रेंगते हुए नजर आए। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, मेरठ-बागपत हाइवे से लेकर अन्य मार्गों पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
---
वर्जन-
बाढ़ का सीजन बीत गया है, अब बेमौसम बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ा है। बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। जलस्तर बढ़ने पर सभी बाढ़ चौकियों से नजर रखी जा रही है। - उत्कर्ष भारद्वाज, नोडल अधिकारी बाढ़ राहत नियंत्रण।