एक्सईएन को ढिकाना गांव की समस्या बताते विधायक लोकेश दीक्षित।
- फोटो : amar ujala
बागपत के ढिकाना गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत समस्याओं को लेकर कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी विद्युत कर्मचारियों ने तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने विद्युत कर्मचारियों पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे विधायक और एक्सईएन प्रथम ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में हाईटेंशन लाइन खींचे जाने का कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य में लगे ठेकेदार व उसके कर्मचारी लाइन को गांव के बाहरी हिस्से मेें खींचने के बजाए लोगों की छतों के ऊपर से खींच रहे हैं। इस कारण बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है। कई बार अवर अभियंता पवन कुमार से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने गांव मेें रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर के आए दिन फूंके रहने पर भी नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। उनके विद्युत कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों ने विभागीय कर्मचारियों पर चेकिंग और तार जोड़ने के बहाने अवैध वसूली का भी आरोप लगाया। सूचना पर बड़ौत विधायक लोकेश दीक्षित एवं एक्सईएन प्रथम अजय कुमार मौके पर पहुंचे। एक्सईएन का कहना था कि एसडीओ और जेई को गांव भेजा जा चुका है, जल्द ही निस्तारण हो जाएगा। हंगामा करने वालों में देवेंद्र, राजेंद्र, राममेहर, मुकेश, खुशी, महिपाल, जयभगवान, वीरेंद्र, मदन, शौकेंद्र, विजय, बाबूखान शामिल रहे।