बड़ौत कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में हमले का आरोपी व बरामद फावड़ा। स्रोत: पुलिस विभाग
बड़ौत। आजाद नगर काॅलोनी में बृहस्पतिवार की रात मजदूरी के रुपये मांगने गए दो मजदूरों पर पांच-छह व्यक्तियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इससे मजदूर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस देख हमलावर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा। बाद में पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से दोनों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया।
गुराना रोड स्थित विजयनगर काॅलोनी के रहने वाले दो सगे भाई सोनू और मोनू पुत्रगण स्वर्गीय नवाब मजदूरी करते हैं। दोनों ने नगर की आजाद नगर काॅलोनी के रहने वाले एक राज मिस्त्री के पास मजदूरी की थी। बृहस्पतिवार की रात दोनों भाई राज मिस्त्री के घर अपनी मजदूरी के रुपये मांगने पहुंचे, जहां पर मजदूरी को लेकर मिस्त्री से उनकी कहासुनी हो गई। इस पर मिस्त्री पक्ष के पांच-छह लोगों ने उन पर फावड़ों से कई वार किए। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नगर के सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। उधर पीड़ितों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी राजवीर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।