संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दसवीं ऑल इंडिया इंटर स्कूल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में सेंट एंजेल्स स्कूल के छह खिलाड़ियों ने पदक जीतकर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने चार गोल्ड मेडल, एक सिल्वर और एक कांस्य पदक जीता है।
स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल ने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम में इंडिया स्केटिंग एसोसिएशन की ओर से आठ जनवरी को दसवीं ऑल इंडिया इंटर स्कूल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। इस प्रतियोगिता में 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग में पांच सौ मीटर की स्केटिंग रेस में स्कूल के निशांत ने गोल्ड, बालिका वर्ग में वंशिका ने गोल्ड व शगुन ने सिल्वर मेडल जीता। अंडर 13 वर्ग की बालिका वर्ग की 50 मीटर में अक्षा ने गोल्ड मेडल, बालक वर्ग में लक्की ने गोल्ड मेडल, अंडर-9 आयु वर्ग की दो सौ मीटर स्केटिंग की बालिका वर्ग में एकता ने गोल्ड मेडल जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया है। सोमवार को पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का मेडल पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर कोच नीतिश कुमार, पीटीआई राजीव कुमार व स्टाफ मौजूद रहा।