किरठल गांव के युवक संग तीन साल पहले हुआ था निकाह, भाई ने शिकायत दी
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। किरठल गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
रोशनगढ़ निवासी अल्लानूर ने बताया कि उसकी बहन नफीसा का निकाह तीन साल पहले किरठल गांव के युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि ससुराल वाले निकाह के कुछ वक्त बाद ही दहेज में दो लाख रुपये लाने की मांग करने लगे थे। नफीसा का शव शुक्रवार को घर में फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रमाला थाना प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि महिला के भाई अल्लानूर की तरफ से पति सहित तीन के खिलाफ दहेज के लिए फांसी लगाकर हत्या करने की शिकायत दी गई है, जिसकी जांच कर रहे है। इस मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला की हत्या में पति पर मुकदमा, गिरफ्तार किया
दोघट। गौतमबुद्धनगर के घोड़ी बछेड़ा निवासी राजे ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बेटी प्रीति की शादी टीकरी कस्बा निवासी शियानंद के साथ वर्ष 2013 में हुई थी। शादी के बाद से ही शियानंद ससुराल में रहता था। 16 मार्च को पति-पत्नी गांव में होली पर दीये जलाने के लिए टीकरी आए थे। 17 मार्च की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उसकी बेटी प्रीति की फांसी लगाकर हत्या कर दी है और शव को भी जला दिया है। उसने बताया कि उसका दामाद पहले से ही उसकी बेटी को परेशान करता था। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।