खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला कांता की मौत हो गई। बड़ौत डिपो की बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार युवक भी घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिसकर्मियों ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। कांता डूंडाहेड़ा गांव स्थित एक पावरलूम फैक्टरी में काम करती थीं। शनिवार सुबह वह पड़ोसी युवक की स्कूटी पर लिफ्ट लेकर फैक्टरी में अपने बकाया रुपये लेने गई थीं। वापस लौटते समय डूंडाहेड़ा के पास यह हादसा हुआ। पुलिसकर्मी घायल कांता को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
फिरोजपुर गांव की रहने वाली कांता की शादी नैथला गांव के कविराज से हुई थी। पारिवारिक विवाद के कारण वह पिछले 20 साल से खेकड़ा के यादव चौक के पास किराए के मकान में रह रही थीं। उनके बेटे दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। कांता अपने काम के बकाया रुपये लेने के लिए फैक्टरी गई थीं। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि बस जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घायल युवक का उपचार राहगीरों ने एक निजी अस्पताल में कराया।