बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के मासूम सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
फैजपुर निनाना गांव निवासी संतोष (65) पत्नी दीपचंद अपनी बेटी कुसुम के साथ बुधवार की शाम की बाजार में सामान खरीदने के लिए आ रही थी। ऑटो से उतरकर राष्ट्रवंदना चौकी की ओर चली तो सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। आरोपित चालक ई-रिक्शा को लेकर भागने लगा तो राहगीरों ने पीछा उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। परिवार की ओर से रिक्शा चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
उधर, दूसरा हादसा दिल्ली रोड स्थित रक्षा अस्पताल के पास हुआ है। शामली के आलदी गांव निवासी इशाक अपनी बेटी माफिर (14) और बेटे याकूब (12) व असद (3) के साथ बाइक से ससुराल दिल्ली के उस्मानपुर जा रहा था। रास्ते में पीछे से तेज गति से आई बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें सभी घायल हो गए। डायल-112 की गाड़ी से घायलों को बागपत सीएचसी में भर्ती कराया।