बागपत में गुरुवार को एक डिलीवरी केस लेकर अस्पताल जा रही एम्बुलेंस में ट्रक ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर पीछे से आ रहे दर्जन भर युवकों ने एम्बुलेंस में मौजूद चालक व एएमटी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
हालत बिगड़ने पर महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मारपीट कर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
रमाला थानाक्षेत्र में प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को अस्पताल लेकर जा रही 108 एम्बुलेंस में बालू से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। एम्बुलेंस चालक ने विरोध किया तो पीछे से आए आधा दर्जन के करीब युवकों ने चालक और एएमटी पर जान लेवा हमला कर दिया।
इस दौरान जमकर मारपीट की गई। इसी दौरान असहनीय प्रसव पीड़ा झेल रही महिला ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। उधर महिला की हालत बिगड़ती देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
चालक और एएमटी ने आनन-फानन में महिला को छपरौली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वही एम्बुलेंस चालक अमरीश कुमार, एएमटी सुप्रीम यादव ने रमाला थाने में पहुंचकर पूरे घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में मेडिकल कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।