चांदीनगर (बागपत)। खासपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने मायके वालों को बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक महिला के पिता ने थाने में तहरीर देकर पति सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुजफ्फरनगर के रामपुरी के रहने वाले महिपाल गिरि पुत्र रघुवीर गिरि ने बताया कि उसकी बेटी नीलू उर्फ सपना की शादी वर्ष 2005 में खासपुर गांव में पवन से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज मांगने लगे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार शाम उसकी बेटी नीलू उर्फ सपना की पति पवन, सास मूर्ति देवी व जेठ व देवर संजय ने हत्या कर दी। उन्हें सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
आरोप लगाया कि खासपुर गांव पहुंचने पर पड़ोसी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर पति पवन, सास मूर्ति देवी, जेठ सोमबीर, संजय और पड़ोसी पिंटू के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।