बागपत। हरचंदपुर गांव में कचहरी के बाहर गवाह पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है आरोपियों ने गवाहों की कनपटी पर पिस्टल सटाकर केस में समझौता करने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर शिकायत की।
हरचंदपुर गांव के साबिर ने बताया उसके बेटा शाहबाज (14) को गांव का ही युवक 10 सितंबर 2015 को घर से बुलाकर ले गया था। उसका अभी तक पता नहीं चला। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। केस कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी कोर्ट में जाते समय धमकी देते हैं। 6 दिसंबर को कोर्ट में तारीख पर गया था। इसके बाद वहां से लौट रहा था। आरोपियों ने उसके और साथी गवाहों पर कचहरी के बाहर पिस्टल तान दी और केस में समझौता करने की धमकी दी। चेतावनी दी ऐसी न करने पर जान से मार दिया जाएगा। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। आरोपियों को समझाने का प्रयास किया। आरोपी अभी भी लगातार धमकी दे रहे हैं। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने एसपी दफ्तर पहुंचकर अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जेल से पेशी पर आए आरोपियों ने दी धमकी
दोघट। निरपुड़ा गांव में बाप-बेटी की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपियों ने पेशी के दौरान कचहरी में गवाह पर केस में समझौते का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई । कस्बा छपरौली निवासी अंकित के पिता सुनील और भाई नितिन की दो माह पूर्व रुपये के लेनदेन को लेकर निरपुड़ा गांव में दूध की डेरी पर गोली मारकर हत्या की। इसमें अंकित भी घायल हो गया था। अंकित केस की पैरवी कर रहा है। 22 दिसंबर को केस के संबंध में अंकित अधिवक्ता के पास आया था। जेल में बंद इस केस के आरोपी नरेश, उसका बेटा भूपेंद्र उर्फ कल्लू के अलावा पीतम उसी दिन पेशी पर आए। आरोप है कचहरी परिसर में आरोपियों ने धमकी दी केस में समझौता कर ले, वरना उसको जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने अपने घर पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। बाद में उसने दोघट थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। दोघट एसएचओ रणवीर सिंह यादव ने कहा इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है।
पिलाना के दो स्कूलों से सामान चोरी
अमीनगर सराय। पिलाना गांव के प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय का बुधवार की रात में ताला तोड़कर चोरों ने दो गैस सिलेंडर समेत काफी सामान चोरी किया। बृहस्पतिवार सुबह घटना का पता चला। सिंघावली अहीर थाना में शिकायत की गई है। इसके अलावा बागपत के पुराना कस्बा में दो पक्षों में मामूली बात पर मारपीट हो गई। इससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।