तीन जुलाई को ट्रैक्टरों पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे किसान
10 जुलाई को सिंघु बॉर्डर पर ट्रैक्टर रैली में शामिल होने का भी निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। सिंघु बॉर्डर पर दस जुलाई को होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली व तीन जुलाई को होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तैयारी को लेकर दोघट में किसानों की पंचायत हुई। जिसमें चेतावनी दी गई कि यदि जिला पंचायत चुनाव में प्रशासन ने कोई धांधली की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
दोघट कस्बे में राजेंद्र चौधरी के आवास पर किसानों की पंचायत में अध्यक्षता करते हुए गोरखा मूले जाट ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है। किसान-मजदूर हो या व्यापारी सभी का सरकार से मोहभंग हो चुका है। भाजपा ने चुनाव में जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तीन जुलाई को बागपत कलेक्ट्रेट पर किसान अपने ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भीड़ के साथ पहुंचेंगे। यदि प्रशासन ने जिला पंचायत चुनाव ने कोई धांधली करने का प्रयास भी किया तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद दस जुलाई को किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सिंघु बॉर्डर के लिए भीड़ के साथ रवाना होंगे। पंचायत का संचालन रामछैल पंवार ने किया। इस मौके पर बॉबी तोमर, नरेश डायरेक्टर, सुरेश राणा, आनंद छिल्लर, धर्मेंद्र राठी, गौरव तोमर, मनोज पंवार, रामनाथ, कल्लू खलीफा, विकास राणा, संजू चौधरी, पवेंद्र मुखिया, शाहिद बेग, कृष्णपाल, मुनेश बरवाला, अब्बास चौधरी, राजीव प्रधान, संजीव राठी, देवीसिंह, नरेंद्र राठी आदि मौजूद रहे।