छपरौली। दुकान पर खल उतारने को लेकर कस्बे की भुवाला पट्टी में दो पक्षों में कहासुनी की शिकायत पर पुलिस नहीं आई तो चार घंटे बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे और सरिये चल गए। इसमें खल व्यापारी समेत छह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया और दोनों मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भुवाला पट्टी निवासी खल व्यापारी बंटी जैन मंगलवार की सुबह करीब सात बजे गाड़ी से माल उतरवा रहा था। तभी दूसरे पक्ष सोनू और मोनू जैन ने वहां माल उतारने का विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद बंटी जैन ने थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की गई। करीब 11 बजे फिर विवाद हो गया और दोनों पक्षों के लोग सरिया लाठी डंडे लेकर भिड़ गये। इसमें एक पक्ष से सचिन जैन, बंटी जैन और दूसरे पक्ष के सोनू जैन, मोनू जैन, आकाश जैन, नवीन जैन समेत अन्य घायल हो गए। बाद में वहां पहुंची पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया, जहां सोनू जैन की गंभीर होने हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जिसमें अनुज, विकास, सचिन, निश्चल, तुषार, आकाश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।