हरिद्वार से लेटकर जल लाता मूकबधिर।
बिनौली। फजलपुर सुंदर निवासी मूकबधिर युवक की शादी के 10 वर्ष बाद पुत्र प्राप्ति की मन्नत पूरी हुई तो हरिद्वार से लेटकर गंगाजल लेकर आया। उसकी शिवभक्ति के सामने हर कोई नतमस्तक हो रहा है।
मूकबधिर युवक धर्म सिंह उर्फ गंगा पुत्र मांगेराम प्रजापति की शादी 11 साल पहले हुई थी, लेकिन दस साल बीत जाने के बाद भी पुत्ररत्न की प्राप्ति नहीं हुई। बकौल धर्मसिंह उसने भगवान भोलेनाथ के 16 सोमवार व्रत रखे और भगवान से मन्नत मांगी कि उसकी पत्नी को पुत्र हो जाए तो वह हरिद्वार से लेटकर गंगाजल लाएगा। भगवान शिव ने उसकी मन्नत पूरी की तो परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार धर्म सिंह प्रजापति हरिद्वार से लेटकर गंगाजल लेकर आया है। वह पूरा महादेव पर भगवान भोले शंकर का अभिषेक करेगा।
रोजाना 10 किलोमीटर का करता था सफर
धर्म सिंह उर्फ गंगा के साथ कांवड़ लेकर आए दिनेश, प्रवेश, मोनू ने बताया कि वह रोजाना लेटकर 10 किलोमीटर का सफर तय करता था। इस दौरान धर्म सिंह के पैर और हाथ पूरी तरह से अकड जाते थे, लेकिन उसके बाद भी वह भगवान शिव का जाप करते हुए आगे बढ़ता चला गया।