बागपत। जिले भर के सभी माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षण कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला स्तर पर राजकीय हाईस्कूल बसौद के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार और राजकीय हाईस्कूल अहेड़ा के प्रधानाचार्य रामनिवास तथा 16 प्रधानाचार्यों को विद्यालय स्तर पर नोडल नियुक्त किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह ने बताया कि विद्यालय स्तर नियुक्त नोडल अधिकारी विद्यालयों में व्हाट्सएप एप वर्चुअल क्लास का संचालन कराएंगे। इस बात का ध्यान भी रखेंगे कि सभी छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं या नहीं। प्रधानाचार्य कक्षावार समय सारणी तैयार कर विद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे तथा शिक्षकों की व्हाट्सएप पर हाजिरी लेंगे। शिक्षक परिषद की वेबसाइट से पाठ्य पुस्तकों एवं दीक्षा पोर्टल से विषयवार वीडियो डाउनलोड कर पाठ योजना तैयार करेंगे। ई-लर्निंग के दौरान यदि कोई छात्र व्यवधान उत्पन्न करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य प्रतिदिन सुबह दस बजे तक विद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी को नौ बिंदुओं पर सूचना प्रेषित करेंगे।
भ्रम में न फंसे छात्र व अभिभावक
बागपत। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व स्वयं को परिषद का कर्मचारी बताते हुए छात्र एवं अभिभावकों को परीक्षा में पास कराने के लिए रुपये की मांग कर रहे है। उन्होंने छात्र एवं अभिभावकों को किसी के झांसे में न आने की अपील की है।