किरठल गांव की गली में भरा दूषित पानी दिखाते ग्रामीण
- फोटो : BAGHPAT
रमाला। किरठल गांव की पट्टी ढिंगराण की गली में पानी की निकासी नहीं होने से जलभराव की समस्या है। जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का वहां से निकलना मुश्किल है। इसके अलावा पट्टी का मुख्य रास्ता भी जर्जर है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की ढिंगराण पट्टी में कई साल से कोई कार्य नहीं कराया है। पानी की निकासी न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी गली में भरा रहता है। गंदगी के कारण गली में मच्छर पनप रहे है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका है।
पट्टी के निशांत का कहना है कि लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां न तो पानी की निकासी की व्यवस्था है और न ही सफाई की व्यवस्था है। गली में झाड़ियां उगने से जहरीले जंतुओं का डर सताता रहता है।
रामवीर का कहना है कि घरों से निकलने वाले दूषित पानी की वजह से यहां बदबू आती है। गंदगी के कारण मच्छरों की तादात बढ़ रही है। जिससे बीमारी फैलने का डर सताता रहता है। दिनेश का कहना है कि गली में सफाई नहीं कराई जाती है। गली से निकलने में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को होती है। मुख्य मार्ग टूटा होने के कारण लोगों को रास्ते से निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है।
कोट...
पानी की निकासी और गली व मुख्य मार्ग का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को भेजा जा चुका है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।- मंजू देवी, ग्राम प्रधान
----